खेड़ामस्तान में हनुमान मेले का समापन
बुढ़ाना। खेड़ामस्तान गांव में हनुमान जी के मंदिर पर मेले के समापन अवसर पर मंगला आरती व यज्ञ में भाग लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ मेले का समापन हुआ।
तहसील क्षेत्र के गांव खेड़ामस्तान में प्रतिवर्ष फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की द्वितीया, तृतीया व चतुर्थी को हनुमान मंदिर में तीन दिवसीय मेले का आयोजन होता है। सोमवार पंचमी को आज हनुमान जी की सिद्ध पीठ मंदिर में सुबह विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की गई। पूूजा अर्चना व मंगला आरती के बाद मंदिर में यज्ञ का आयोजन किया गया। मंगला आरती व यज्ञ में गांव व आस पास के देहातों से आए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मंगला आरती व यज्ञ में भाग लेने के बाद हनुमान जी के मंदिर में शीश झुकाया। इस मौके पर मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर परिसर में भंडारे प्रसाद का आयोजन किया गया। प्रसाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई। समापन अवसर पर इलाहाबाद से आए रवि नारायण मिश्र, अनोखेलाल, राधा देवी, पंडित राम अंजोर पांडेय आदि ने विधि विधान के साथ पूूजा अर्चना कराई। इस मौके पर गांव के मंदिर कमेटी के प्रधान राजेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान सोमपाल, वर्तमान प्रधान देवेंद्र सिंह, इंद्रपाल सिंह, जितेंद्र मलिक, बिजेंद्र मलिक आदि मौजूद रहे।