जंधेड़ी के वंश देव ने हैदराबाद में रजत पदक जीता
जानसठ। गांव जंधेड़ी के छात्र वंश देव ने हैदराबाद में आयोजित ऑल इंडिया सब जूनियर रेकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में रजत पदक जीत कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर गांव में उनके मकान पर बधाई देने वालों की भीड़ लगी रही।
जानसठ क्षेत्र के गांव जंधेड़ी निवासी कपिलदेव का 10 वर्षीय पुत्र वंश देव दिल्ली के एक स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। वंश को बचपन से ही बैडमिंटन खेलने का शौक था। परिजनों ने उसका शौक पूरा करने के लिए उसे गोपीचंद एकेडमी ग्रेटर नोएडा में बैडमिंटन खेलने की ट्रेनिंग दिलवानी शुरू की। छात्र को हैदराबाद में ऑल इंडिया सब जूनियर रैकिंग टूर्नामेंट में बैडमिंटन खेलने के लिए आमंत्रित किया गया। वंश के परिजनों ने उसे हैदराबाद खेलने के लिए भेज दिया। हैदराबाद में 22 से 27 जनवरी तक चले टूर्नामेंट में वंश देव व उसके पार्टनर अंश गौड ने जीत हासिल कर रजत पदक पर कब्जा किया। वंश देव के पिता कपिल देव ने बताया कि वंश बचपन से ही खेलकूद में स्कूल में भाग लेता था। छात्र को बैडमिंटन खेलने में अधिक रुचि थी, उसकी रुचि को देखते हुए ही उसे बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग दिलाई गई। छात्र ने हैदराबाद टूर्नामेंट में वरीयता में सातवीं रैंक हासिल की है। छात्र के पिता कपिल ने उसके कोच सियादतुल्ला को बधाई दी है। परिजनों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। खिलाड़ी के घर पर बधाई देने के लिए ग्रामीणों का तांता लगा रहा।