सर्वेक्षण के बाद ही तय होगी शहर की रैंकिंग
मुजफ्फरनगर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरों की रैंकिंग तय करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा कराए जा रहे सर्वेक्षण के लिए दो सदस्यीय टीम बुधवार को नगर में पहुंची और नगरपालिका परिषद् द्वारा 44 बिंदुओं पर दी गई रिपोर्ट के आधार पर शहर की स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को परखने का काम शुरू किया। यह दल तीन चरणों में छह दिवसीय भ्रमण के दौरान पालिका के दावों की जमीनी हकीकत को जांचने के बाद स्वच्छ भारत मिशन निदेशक को अपनी रिपोर्ट देगा। इसके बाद शहर की रैंकिंग तय होगी।
केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान स्वच्छ भारत मिशन में साल 2017 के लिए रैंकिंग तय करने को चार जनवरी से स्वच्छ भारत मिशन निदेशालय केंद्र सरकार के देशभर के 4041 शहरों में सर्वेक्षण का कार्य शुरू कराया गया है। सर्वेक्षण का दायित्व कारवी डाटा मैनेजमेंट कंपनी को दिया गया है। इस स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए केंद्र सरकार को देशभर के निकायों से 44 बिंदुओं पर रिपोर्ट भेजी गई थी। शहर पालिका ने भी अच्छी रैंकिंग पाने के लिए ये रिपोर्ट भेजी है, अब इसी रिपोर्ट के आधार पर पालिका के दावे को परखने के लिए दो सदस्यीय टीम बुधवार को शहर में पहुंची। कारवी डाटा मैनेजमेंट कंपनी के एनालिस्ट सर्वेक्षण 2018 आबिद और अंकित कुमार ने नगर पालिका परिषद पहुंचकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरएस राठी से मुलाकात की और सर्वे का कार्य प्रारंभ किया। राठी ने बताया कि उक्त दो सदस्यीय टीम छह दिवसीय अपने भ्रमण के दौरान तीन चरणों में कार्य करेगी। पहले जो हमने रिपोर्ट भेजी है, उसको लेकर दस्तावेजों का परीक्षण, दूसरे उन दावों की स्थलीय जांच, तीसरे सिटीजन फीड बैक इसमें शामिल हैं। इसी आधार पर उक्त टीम अपनी रिपोर्ट केंद्र को भेजेगी, जिसके आधार पर शहर पालिका की रैंक तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि देशभर के 4041 शहरों में दस मार्च तक सर्वेक्षण का कार्य चलेगा और इसके उपरांत ही रैंकिंग जारी की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार शहर की स्थिति में काफी सुधार नजर आएगा। सर्वेक्षण दल में शामिल आबिद ने बताया कि उनका यहां छह दिन का कार्यक्रम हैं, पहले वो पालिका से दस्तावेज लेकर उनका परीक्षण करेंगे और फिर शहर में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत तय किए गए मानकों के आधार पर हुए विकास कार्यों व व्यवस्थाओं को परखने के लिए स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात वो 200 लोगों से मिलकर उनका फीडबैक भी लेंगे।
कर्मचारी संघ नेताओं ने दिया ज्ञापन
मुजफ्फरनगर। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए आई दो सदस्यीय टीम से सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजू वैद और महामंत्री मदनलाल के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी मिले। मदनलाल ने टीम को बताया कि चार जनवरी से उनका 21 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन चल रहा है। नौ जनवरी से कामबंद हड़ताल है। उन्होंने पालिका प्रशासन पर नकारात्मक रवैया अख्तियार करने के आरोप लगाते हुए टीम को अपना ज्ञापन भी दिया।