कर्मचारियों का टिकौला मिल में धरना
मीरापुर(मुजफ्फरनगर)। टिकौला शुगर मिल संविदा वर्कर्स यूनियन टिकौला के बैनरतले मिल द्वारा निकाले गए कर्मचारियों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने रविवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा की है।
यूनियन के महामंत्री विरेंद्र सिंह ने बताया कि 26 से 30 जुलाई के बीच टिकौला चीनी मिल प्रबंधन ने कर्मचारियों को झांसा देकर फर्जी त्यागपत्र के आधार पर 26 सीजनल कर्मचारियों को मिल से निकाल दिया था। इस संबंध में कर्मचारियों ने कई बार मिल प्रबंधन से नौकरी पर बहाल करने की मांग की, लेकिन मिल प्रबंधन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया तो मजबूरन तमाम पीडित कर्मचारी बृहस्पतिवार से मिल परिसर में धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे कर्मचारियों का मिल में कार्यरत कर्मचारियों ने भी समर्थन किया। यूनियन के पदाधिकारियों ने घोषणा की कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो रविवार से धरनारत कर्मचारी भूख हड़ताल करेंगे। उधर, अधिशासी अध्यक्ष रवि कुमार कथूरिया का कहना है कि आंदोलित कर्मचारी मिल के तौल केंद्रों पर तौल लिपिक थे और प्राप्त शिकायतों के आधार पर सभी कर्मचारियों ने अपनी इच्छा से त्यागपत्र देकर नौकरी छोड़ी है। इस मौके पर प्रदीप कुमार, अनिल, रविंद्र कुमार तंवर, गजेंद्र सिंह, सुधीर कुमार, आलोक शर्मा, नवीन कुमार आदि पीड़ित कर्मचारी मौजूद रहे।