स्वर्ण पदक विजेता पहलवान छात्र सम्मानित
मोरना (मुजफ्फरनगर)। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता पहलवान छात्र को स्कूल प्रबंधक व स्टाफ द्वारा सम्मानित किया गया।
भोकरहेड़ी इंटर कालेज प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में कक्षा 9 के छात्र पहलवान मोहम्मद रिजवान को शील्ड व प्रशस्ति पत्र के साथ पांच किलो बादाम उपहार स्वरूप भेंट देकर सम्मानित किया। स्कूल प्रबंधक डा. कर्णवीर सिंह व प्रधानाचार्य कैप्टन प्रवीण चौधरी ने पहलवान का फूलमाला पहनाकर सम्मान करते हुए उसका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने छात्र और छात्राओं को खेलों के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि शारीरिक व्यायाम वाले खेलों में भाग लेने से शरीर मजबूत होता है। मजबूत शरीर से बीमारियां दूर रहती हैं। इसी प्रकार अन्य छात्र व छात्राओं को भी परिश्रम कर परिवार सहित क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहिए। इस मौके पर रामेश्वर राम, कीरत सिंह, सुरेशचंद, लोकेंद्र कुमार, अमित कुमार, सुनील कुमार, नीरु, मंजू, शिवांगी आदि मौजूद रहे।