हाईवे पर बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे
छपार(मुजफ्फरनगर)। कस्बे में हाईवे पर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। बच्चों को छोड़ने आई एक प्राईवेट स्कूल की गाड़ी में चालक की लापरवाही से अचानक धुआं उठने से बच्चों में हड़कंप मच गया। गाड़ी में नौ बच्चे सवार थे।
मुजफ्फरनगर के सदर कोतवाली स्थित गांव बामनहेड़ी में संमति जैन एकेडमी स्कूल की गाड़ी छपार में शाम को लगभग चार बजे वहां पढ़ने वाले बच्चों को छोड़ने के लिए आई थी। जब गाड़ी कस्बे में हाईवे पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंची, तो गाड़ी में अचानक धुआं उठने लगा। जिसे देखकर आसपास के लोगों शोर मचा दिया। बच्चे भी चिल्लाने लगे, जिससे चालक के हाथ पैर फूल गए उसने गाड़ी को रोक दिया। बच्चों ने कूदकर जान बचाई। वह बुरी तरह डर गये थे। बताया गया है कि इंजन में पानी न होने से वह गर्म हो गया। यह सब चालक की लापरवाही से हुआ। बच्चों के परिजनों ने उसे खरी खोटी सुनाई।
बच्ची के साथ रेप का प्रयास
छपार(मुजफ्फरनगर)। एक वहशी व्यक्ति ने पांच साल की बच्ची के साथ रेप का प्रयास किया। पुलिस ने एक सप्ताह बाद पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छपार थाना क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गत शनिवार को उसकी पांच वर्षीया बेटी घर के बाहर खेल रही थी। उसके परिजन घर से बाहर जंगल में मजदूरी करने गए हुए थे। मौका पाकर आरोपी पड़ोसी युवक बहला-फुसलाकर बच्ची को अपने मकान में ले गया और लालच देकर उसके साथ रेप का प्रयास किया। बच्ची के चिल्लाने पर आरोपी फरार हो गया। बच्ची ने मां के घर आने पर पड़ोसियों के आगे घटना की जानकारी दी। पीड़िता की मां उसे लेकर पुलिस चौकी पर गई और न्याय की गुहार लगाई। उस समय तो पुलिस आरोपी के घर पर गई, लेकिन बाद में कोई ध्यान नहीं दिया। पीड़िता फिर थाने पहुंची तो थानाध्यक्ष ने आठ दिन बाद उसकी रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच शुरू कर दी है।