हाईवे पर ट्रक से भिड़ी कार, युवक की मौत
छपार (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर बिजोपुरा चौराहे के निकट तेज गति से आती कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार कर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां-बेटी घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया।
जनपद बुलंदशहर के थाना अगौता क्षेत्र के गांव अकबरपुर रेना निवासी कुलदीप (30) पुत्र प्रेम सिंह अपनी बहन रत्ना और भांजी छवि (08) के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून गया था। सोमवार दोपहर तीनों कार से देहरादून से बुलंदशहर लौट रहे थे। कार कुलदीप चला रहा था। दोपहर करीब दो बजे जब दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर छपार क्षेत्र अंतर्गत बिजोपुरा चौराहे के निकट पहुंचे, तो तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार कर विपरीत साइड में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आते ट्रक से कार जा टकराई। टक्कर से कार के परखचे उड़ गए। हादसे में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल मां-बेटी को पास के ही भारत मेडिकल में भर्ती करा दिया। बाद में कुलदीप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उधर, दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे का यातायात काफी समय तक प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।