अंडरपास मुद्दे पर किसानों और रेलवे विभाग के बीच टकराव कम होने के बजाए बढ़ता जा रहा है। किसानों ने 15 नवंबर को महापंचायत करने की घोषणा की।
गांव सोंटा रेलवे फाटक पर बनाए जा रहे अंडरपास को शुक्रवार को किसानों ने यह कहकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था कि इसकी चौड़ाई कम है। इससे होकर किसानों के गन्ना वाहन नहीं निकल सकते। किसानों की रेलवे अधिकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई थी। किसानों ने प्रदर्शन कर चेतावनी दी थी कि जब तक अंडरपास की चौड़ाई ओर ऊंचाई नहीं बढ़ाई जाएगी वे निर्माण कार्य शुरू नहीं करने देंगे। इसी मुद्दे पर शुक्रवार शाम एसडीएम राम अवतार गुप्ता ने किसानों एवं रेलवे अधिकारियों के साथ मंसूरपुर शुगर मिल प्रांगण में वार्ता की, लेकिन वार्ता में कोई हल नहीं निकला।
किसान अपनी मांग पर अड़े रहे, जबकि रेलवे अधिकारियों का कहना था कि अब 13 फुुट के फर्में बन चुके हैं, साइज में बदलाव करना संभव नहीं है। वे 14 नवंबर को ट्रेनें बंद रखने की भी अनुमति ले चुके हैं। भाकियू के पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चंद्रपाल फौजी ने रेलवे अधिकारियों को चेतावनी दी कि भाकियू किसानों के साथ है और यदि अंडरपास की चौड़ाई व ऊंचाई नहीं बढ़ाई तो वे अपने पूरे दल बल के साथ धरना प्रदर्शन में भाग लेंगे तथा रेल भी रोकेंगे।