मुजफ्फरनगर। जिले की इंडस्ट्रियों को बंद करने के आदेश को लेकर रालोद में उबाल आ गया है। रालोद कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय प्रदूषण कार्यालय पर हंगामा कर अधिकारी का घेराव किया। उधर, भाकियू ने भी इसे एनजीटी का तुगलकी फरमान बताया है।
रालोद के जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी विवेक राव का घेराव किया। कहा कि शुगर मिलों के साथ इंडस्ट्रियों को किस आधार पर बंद किया जा रहा है। मौजूदा समय में पेराई सत्र रोकने से किसानों पर प्रभाव पड़ेगा। गन्ना पेराई नहीं होने से दिक्कतें खड़ी हो जाएंगी। क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी से आदेश को वापस लिए जाने की मांग की गई। साथ ही कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस दौरान रंधावा मलिक, सुधीर भारती, सत्यवीर वर्मा, अंकुर राठी, हंशराज जावला, नितिन कुमार, पराग खोखर, विकास कादियान, अंशुल, अश्वनी आदि मौजूद रहे। उधर, शुगर मिलों की बंदी पर भाकियू भी भड़क गई है। भाकियू के जिलाध्यक्ष ने मामले लेकर कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को आंदोलन करने की चेतावनी दी है।