वासुदेव हॉस्पिटल ने दिया नोटिस का जवाब
मुजफ्फरनगर। हरियाणा के पानीपत की टीम ने वासुदेव हॉस्पिटल पर छापेमारी कर लिंग परीक्षण की आशंका जताई थी। टीम की कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जिस पर हॉस्पिटल प्रशासन ने जवाब देते हुए खुद को फंसाए जाने के आरोप लगाए हैं। वहीं, शाहपुर के चौधरी नर्सिंगहोम से नोटिस का जवाब नहीं मिला है। अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर कार्रवाई और जांच को लेकर विभागीय स्तर से मीटिंग होगी। उसके बाद ही कार्रवाई का रुख तय किया जाएगा।
हरियाणा के पानीपत की पीसीपीएनडीटी टीम ने सदर बाजार के वासुदेव हॉस्पिटल पर छापेमारी कर लिंग परीक्षण किए जाने की स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी थी। टीम ने यहां कार्रवाई कर डॉ मंजू गुप्ता से पूछताछ के साथ दो अल्ट्रासाउंड मशीनों को सील किया था। इसके तीन दिन बाद ही स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन ने शाहपुर में चौधरी नर्सिंगहोम पर लिंग परीक्षण को लेकर छापा मारा था। नर्सिंगहोम से कार्रवाई के दौरान टीम ने 30 हजार रुपये की नगदी बरामद करने के साथ डॉ नीलकांत चौधरी से भी पूछताछ की थी। दोनों को नोटिस जारी कर पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी, सीएमओ ने जवाब मांगा था। वासुदेव हॉस्पिटल के डॉक्टर मंजू गुप्ता ने खुद को फंसाए जाने के आरोप लगाए हैं। चिकित्सक सभी तथ्यों की जांच कर रहे हैं। उधर, पीसीपीएनडीटी एक्ट को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए 29 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग मीटिंग करेगा। जिसमें दोनों अस्पतालों पर कार्रवाई का भी रूप तय होगा।