पांच दिवसीय लर्निंग प्रशिक्षण शिविर संपन्न
पुरकाजी। ब्लॉक संसाधन केंद्र पुरकाजी पर चल रहे पांच दिवसीय लर्निंग प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समापन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में चल रहे शिविर में मास्टर ट्रेनर तनु पंवार व ऊषा रानी चौहान ने अध्यापकों को बच्चों से भावनात्मक रूप से जुड़ने की जानकारी दी। बच्चों को खराब वस्तुओं से रोचक चीजें बनवाने, खाली बोतल व कागज से फूल बनवाने आदि की भी जानकारी दी गई। बच्चों में नेतृत्व क्षमता का विकास कर उनकी हिचकिचाहट दूर करने का भी प्रशिक्षण दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह, मेराज ख़ालिद रिजवी, दुष्यंत शर्मा, नरेंद्र कुमार, रूपक राणा, अक्षय त्यागी, मीनाक्षी, रश्मि, प्रियंका व निधि आदि मौजूद रहे।
तमंचे-कारतूस समेत दबोचा युवक
तितावी। पुलिस ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान हैदरनगर जलालपुर रजबहे पर संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक को रोका। युवक द्वारा भागने का प्रयास किया गया, जिस पर उसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। एसओ क्षितिज कुमार ने बताया कि आरोपी बिल्लू पुत्र बलजीत निवासी गांव मौहम्मदपुर थाना भौराकलां है, जिसके पास से तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।