पंचायती फरमान के बाद लौटाई महिला
भोपा (मुजफ्फरनगर)। शादी के चंद दिनों बाद ही प्रेमी संग फरार हुई नवविवाहिता को एक हफ्ते पूर्व जारी हुए पंचायती फरमान के बाद उसके मायके पक्ष को सौंप दिया गया है। मामले में दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती की पास के ही गांव निवासी युवक से करीब डेढ़ माह पूर्व शादी हुई थी। शादी के चंद दिनों बाद ही चार फरवरी को नवविवाहिता ससुराल पक्ष की गैर मौजूदगी में घर से 50 हजार की नकदी व जेवरात समेटकर पड़ोसी प्रेमी संग फरार हो गई थी। नवविवाहिता के ससुर ने उसके प्रेमी संग दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। हालांकि इसके बावजूद नवविवाहिता का सुराग नहीं लग पाया था। सूत्रों के अनुसार मामले में एक सप्ताह पूर्व नवविवाहिता के मायके व ससुराल पक्ष की मौजूदगी में ग्रामीणों की पंचायत हुई, जिसमें प्रेमी के परिजन भी शामिल हुए। इसमें साफ तौर पर प्रेमी पक्ष पर एक हफ्ते के भीतर नवविवाहिता को लौटा देने का दबाव बनाते हुए उनके सामाजिक बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को प्रेमी पक्ष ने सामाजिक दबाव में नवविवाहिता को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में इंस्पेक्टर एमएस गिल का कहना है कि उन्हें पंचायत के आयोजन की जानकारी नहीं है। नवविवाहिता के अपहरण के आरोप में दो युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।