टिकौला शुगर मिल में भूख-हड़ताल जारी
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। टिकौला चीनी मिल में टिकौला मिल संविदा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले दूसरे दिन भी लगातार भूख हड़ताल जारी रही। भूख हड़ताल से पूर्व तीन दिन आंदोलित कर्मचारी धरने पर बैठे रहे। एलआईयू की टीम ने जानकारी हासिल की।
टिकौला शुगर मिल संविदा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री विरेंद्र सिंह ने बताया कि आंदोलित कर्मचारियों से मिल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। मिल गेट पर तौल लिपिक बिना लाइसेंस के काम कर रहे हैं, इससे गन्ना किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, भूख हड़ताल पर योगेन्द्र कुमार दतियाना, इंद्रपाल अहरोड़ा, पंकज कुमार सोंहजनी, यशपाल पुत्र सुरेंद्र निवासी राजपुर कलां लगातार दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर रहे। सर्दी, भूख हड़ताल के कारण हड़ताली कर्मचारियों की हालत कभी भी बिगड़ सकती है।
महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। श्री बाला जी मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पहले 108 महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के समापन पर कथाव्यास पंडित खेमचंद कौशिक ने श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कथा के श्रवण से ही मानव का कल्याण संभव है। 18 दिसंबर तक श्रीबाला जी मंदिर कथा होगी। महिलाएं धार्मिक भजन गाती हुई कस्बे के मुख्य मार्गों से जुलूस के रूप में निकलीं। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। पंडित खेमचंद कौशिक ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान और भक्ति का सागर है। कथा के श्रवण से मानव कल्याण व मोक्ष संभव है। सत्य, दया, दान व पवित्रता से किया गया कार्य कल्याणकारी होता है। महंत राजपाल सुक्रालिया, बिजेंद्र कुमार, जगमोहन, विनोद कुमार, सचिन, शशिकांत रस्तौगी, धर्मेंद्र, मनोज, माहित गर्ग, पंकज संगल, बिजेंद्र डागा, मोहित लखोटिया, मूलचंद आदि सक्रिय रहे।
बच्चों को ड्रेस बांटी
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मदरसा इस्लामिया जामिया के प्रबंधक मौलाना अरशद ने सर्दी के मद्देनजर मदरसे के 100 बच्चों को ड्रेस वितरित की। मौलाना ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद खुदा की इबादत है। इसके साथ साथ धर्म के अनुसार खैरात भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि खुदा ने जिन लोगों को धन बख्शा है, उन्हें जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। इस मौके पर मौलाना अरशद कासमी, मौलाना सईदुज्जमा, मौलाना शमीम, गुलशेर मेवाती, आफताब मेवाती, डॉ मोबीन, मौ. इकबाल, कारी इरशाद आदि मौजूद रहे।
जमालपुर बांगर की बिजली सप्लाई काटी
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। विद्युत निगम के जेई संजय कुमार ने बताया कि गांव जमालपुर बांगर में विद्युत बिलों की बकाया रकम जमा न होने पर पूरे गांव की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। विभाग के इस कदम की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। उधर, मुकल्लमपुरा गांव के सत्यप्रकाश, सुंदर, सौराज, निर्देश, धनपत, राकेश व खजान के विरूद्ध बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आरोप है कि सभी आठ लोगों के बकाएदारी के कारण कनेक्शन कटे हैं। कटे कनेक्शन पर भी आरोपी बिजली प्रयोग करते पाए गए।
हमले की रिपोर्ट दर्ज
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। ग्राम मुझेडा निवासी साकिर पुत्र साबिर ने मारपीट कर घायल करने के आरोप में जानसठ रोड निवासी महिला राजेश व उसके पुत्र टीटू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
मकान में चोरी
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के मोहल्ला सरफपुरा निवासी आस मोहम्मद पुत्र नफीस ने थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार रात बदमाश छत के रास्ते उसके मकान में घुस गए और घर में रखे 15 हजार रुपये और जरूरी घरेलू सामान चोरी कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।