हिंदू महासभा प्रत्याशी का पर्चा हुआ निरस्त
मुजफ्फरनगर।
नामांकन पत्रों की जांच में अखिल भारत हिंदू महासभा की उम्मीदवार गीतांजलि का पर्चा निरस्त कर दिया गया। नामांकन पत्र में गीतांजलि की आयु 27 वर्ष लिखी थी। चेयरमैन के लिए 30 वर्ष आयु होना जरूरी है। इसी के चलते पर्चा निरस्त किया गया है।
आरओ सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने बताया कि अखिल भारतीय हिंदू महासभा की गीतांजलि वर्मा निवासी संतोष विहार ने अध्यक्ष पद के लिए सात नवंबर को नामांकन दाखिल किया था। नाम निर्देशन पत्रों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि गीतांजलि ने अपनी आयु 27 साल लिखी है। इसकी पुष्टि आवेदन पत्र के साथ संलग्न शपथ में की गई। उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 43क के अंतर्गत अध्यक्ष पद के लिए वही आवेदन कर सकते हैं, जिनकी आयु 30 साल पूरी हो चुकी हो। इसी के चलते गीतांजलि पत्नी देव वर्मा का नाम निर्देशन पत्र निरस्त कर दिया गया है। बाकी सभी प्रत्याशियों के नामांकन में कोई त्रुटि नहीं मिली है।