जिला अस्पताल में गंदगी, ओपीडी की बत्ती गुल मिली
मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय में सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा के निरीक्षण में व्यवस्था की पोल पट्टी खुल गई। अस्पताल परिसर में गंदगी के ढेर मिले तो ओपीडी में लाइट की व्यवस्था बेपटरी मिली। इसको लेकर सीएमओ का पारा चढ़ गया। सफाई निरीक्षक के साथ अस्पताल प्रशासन को भी चेतावनी दी।
जिला चिकित्सालय में पिछले कुछ समय से कर्मचारियों द्वारा तीमारदारों और मरीजों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिल रही थी। अस्पताल में भर्ती मरीजों को बिना जांच के रेफर किया जा रहा है। इसको लेकर देर शाम सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। अस्पताल में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को लेकर पार्किंग ठेकेदार की क्लास ली। इसके बाद इमरजेंसी और कई वार्ड में जाकर मरीजों और तीमारदारों से पूछताछ की। इलाज और दवाइयों के बारे में जानकारी ली। यहां ओपीडी की लाइट खराब मिली। इस पर सीएमएस पंकज अग्रवाल को एलईडी बल्ब लगाने की हिदायत दी। परिसर और वार्ड के बाहर गंदगी देखकर सीएमओ का पारा चढ़ गया। सफाई मेटरन की क्लास ली। उन्होंने अस्पताल समेत वार्ड में साफ सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखने निर्देश दिए।