अतिक्रमण-दलालों पर चला प्रशासन का डंडा
मुजफ्फरनगर। एआरटीओ कार्यालय पर दिन निकलते ही दलालों का पहरा होता है। साथ ही अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों ने भी नाक में दम कर रखा है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने कार्यालय के बाहर से अतिक्रमण हटवाया। साथ ही बस्ते लेकर जमा दलालों पर भी चाबुक चलाया गया। अधिकारियों की कार्रवाई से दलालों और अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी मच गई।
एआरटीओ कार्यालय पर लाइसेंस बनवाने से लेकर वाहनों के पंजीकरण की व्यवस्था दलालों के कब्जे में है। अधूरे कागजात और घर बैठे लाइसेंस तक का ठेका लिया जा रहा है। अतिक्रमण करने वालों ने भी विभाग की नाक में दम कर रखा है। अवैध रूप से फोटोकॉपी, चाट, छोले-भटूरों का ठिया लगाने वालों की भीड़ रहती है। इससे मेरठ रोड संकरा होने के साथ आवाजाही में परेशानी हो रही है। लगातार एआरटीओ को दलालों और कर्मचारियों की शिकायत मिल रही थी।
बृहस्पतिवार को एआरटीओ राजीव कुमार बंसल ने कार्यालय के बाहर लगे ठेलों और दलालों, एजेंटों के बस्तों को उठवाया। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। एआरटीओ ने साफ कर दिया कि विभाग के इर्द-गिर्द अतिक्रमण या दलालों की भीड़ नजर आई तो कानूनी कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने परिवहन विभाग से कार्य के लिए आवेदक, पीड़ित को सीधे कार्यालय में संपर्क करने की हिदायत दी। दलालों और एजेंटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।