फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

18 घंटे ध्वस्त रही डायल-100 सेवा, लखनऊ में बीएसएनएल कनेक्टिविटी ठप होने से नहीं हुई कॉल

Wed, 08 Aug 2018 12:56 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
डायल 100 - फोटो : self
विज्ञापन
पुलिस विभाग की डायल-100 सेवा सूबे में सोमवार शाम से करीब 18 घंटे तक ठप रही। लखनऊ में बीएसएनएल की कनेक्टिविटी ठप होने से पूरे प्रदेश में कहीं भी सौ नंबर पर कॉल नहीं हो पाई। हालांकि अफसरों ने एसएमएस व व्हाट्सएप के साथ ही कुछ वैकल्पिक नंबर भी इमरजेंसी के लिए उपलब्ध कराए थे, लेकिन आम जनता को इसकी जानकारी नहीं होने से इसका लाभ नहीं मिल सका। मंगलवार दोपहर कनेक्टिविटी ठीक होने पर फिर से डायल-100 सेवा शुरू हो पाई।
विज्ञापन


सूबे भर में मुस्तैदी के लिए जानी जाने वाली पुलिस विभाग की डायल-100 सेवा पूरे प्रदेश में पिछले 18 घंटे से अधिक समय तक पूरी तरह से ठप रही। सूत्रों के अनुसार राजधानी लखनऊ में सोमवार शाम करीब छह बजे बीएसएनएल की कनेक्टिविटी किन्हीं कारणों से अचानक ठप हो गई, जिसका सीधा असर डायल-100 सेवा पर पड़ा और पूरे प्रदेश के किसी भी जनपद में डायल-100 पर कॉल नहीं हो सकी। इसके चलते जहां एक ओर किसी भी घटना के संबंध में पुलिस को तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी, वहीं पीड़ितों को भी त्वरित कार्रवाई का फायदा नहीं मिला।

कनेक्टिविटी ठप होने से डायल-100 के काम नहीं करने पर अफसरों द्वारा आनन-फानन में कई वैकल्पिक नंबर आम जनता के लिए जारी किए गए, जिन पर सूचनाएं दी जा सकती थी, लेकिन लोगों को इसकी जानकारी नहीं होने से इसका भी कोई फायदा किसी को नहीं मिला। इसके साथ ही डायल-100 पर एसएमएस व व्हाट्सएप सेवाएं चालू रहीं, लेकिन इनकी भी लोगों को अधिक जानकारी नहीं होने से आम जनमानस परेशान रहा।
विज्ञापन


आखिरकार मंगलवार दोपहर बाद कहीं जाकर कनेक्टिविटी ठीक होने के बाद डायल-100 मिलना शुरू हुआ, जिसके बाद अफसरों के साथ ही सूबे भर के लोगों ने भी राहत की सांस ली। मामले में जनपद में डायल-100 प्रभारी इंस्पेक्टर अजयपाल गौतम ने बताया कि लखनऊ स्तर से सोमवार शाम बीएसएनएल कनेक्टिविटी ठप होने से डायल-100 के संचालन में समस्या आई थी, जिसे मंगलवार दोपहर बाद ठीक कर लिया गया है।

डायल-100 नहीं तो वैकल्पिक नंबर 1076 पर करें कॉल
मुजफ्फरनगर। डायल-100 प्रभारी इंस्पेक्टर एपी गौतम ने बताया कि डायल-100 की सेवाएं किन्हीं कारणों से नहीं चलने की स्थिति में वैकल्पिक नंबर 1076 आम जनता के लिए उपलब्ध रहता है। यदि किसी कारणवश डायल-100 न मिले तो लोगों द्वारा 1076 पर कॉल कर किसी भी घटना की सूचना दी जा सकती है। 1076 नंबर पर कॉल करने पर भी लोगों को डायल-100 की तरह ही तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा, यदि डायल-100 न मिले तो एसएमएस या व्हाट्सऐप के जरिये भी सूचना दी जा सकती है, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें