संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। करीब 20 दिन में 56 हजार सीटों के सापेक्ष 17,879 पंजीकरण हुए हैं, जिनमें से 11,502 ने पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण की है।
मंडल के तीनों जनपदों सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में 212 महाविद्यालय और निजी संस्थान मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। इनमें स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों जैसे बीए, बीकॉम, बीएससी आदि के प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है।
विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया करीब 20 दिन पहले शुरू की थी, लेकिन अपेक्षा के अनुरूप आवेदन नहीं हुए हैं। तीनों जनपदों में करीब 56 हजार सीटें स्नातक प्रथम वर्ष में हैं। यदि मेरिट बनानी है तो आवेदन 56 हजार से अधिक होने चाहिए।
यदि कम या बराबर आवेदन होते हैं तो सभी प्रवेश पा जाएंगे। चाहे 12वीं में उनके अंक कितने भी फीसदी रहे हों। इससे महाविद्यालयों और निजी संस्थानों को क्रीम नहीं मिल पाएगी।