संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। घरों के मालिकाना हक के लिए जनपद की चारों तहसीलों में स्वामित्व योजना के तहत 1 लाख 75 हजार 930 प्रॉपर्टी कार्ड यानी घरौनियां तैयार की गई हैं। स्वामित्व योजना के अंतर्गत संपत्ति कार्ड के रूप में घरौनी वितरण नगर के लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को होगा।
स्वामित्व योजना के तहत गांवों में ड्रोन सर्वे कर घर चिह्नित किए गए थे। इसके बाद घरों के मालिकाना हक के लिए घरौनी तैयार की गई। गांवों में घरों के मालिकाना हक का दस्तावेज न होने के कारण विवादों के निस्तारण में दिक्कत आती थी, अब ऐसा नहीं होगा।
घरों पर बैंक से कर्ज लेने की सुविधा रहेगी। ग्राम पंचायतों को घरों पर कर निर्धारण का अधिकार रहेगा। इससे सरकारी राजस्व भी बढ़ेगा। जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को घरौनी वितरित की जाएगी।