छात्रा मनी त्यागी को गोल्ड मेडल देंगे राज्यपाल
मुजफ्फरनगर। सीसीएस यूनिवर्सिटी मेरठ के 30 वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल राम नाईक छात्रा मनी त्यागी को गोल्ड मेडल से अलंकृत करेंगे। मेधावी छात्रा ने एमएससी जीव विज्ञान में यूनिवर्सिटी में प्रथम रैंक हासिल की थी। डीएवी डिग्री कॉलेज में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया।
ब्रहमपुरी निवासी अधिवक्ता मुकुल प्रकाश और रीना त्यागी की होनहार बेटी मनी त्यागी ने वर्ष 2018 में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ में जीव विज्ञान विषय में टॉप किया था। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में भी उसने जिले में चौथा स्थान पाया था, जबकि इंटर में उसकी जिला स्तर पर पांचवीं रैंक थी। मेधावी छात्रा को 24 सितंबर को मेरठ में आयोजित दीक्षांत समारोह में गवर्नर राम नाईक स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगे। उधर, डीएवी डिग्री कॉलेज में हुए समारोह में मेधावी छात्रा मनी का सम्मान किया गया। इस मौके पर प्राचार्य डॉ पीके गुप्ता, प्रोफेसर आरएम तिवारी, जीव विज्ञान विभागाध्यक्ष पीआर यादव, डॉ वाईके त्यागी, डॉ गरिमा जैन, डॉ सुनील तोमर आदि मौजूद रहे।