किसानों ने बकाया भुगतान मांगा
खतौली। किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल त्रिवेणी शुगर मिल में पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल ने मिल के जीएम से मिलकर किसानों का गन्ने का बकाया भुगतान ब्याज सहित कराने की मांग की। जीएम ने 25 अगस्त तक कुछ गन्ने का भुगतान कराने का आश्वासन दिया है। किसानों ने आगामी सत्र में मिल को माह अक्तूबर में चलाने की भी मांग उठाई।
ग्राम प्रधान पिपलहेड़ा कर्णवीर के नेतृत्व में क्षेत्र के किसानों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को मिल में जीएम डा. अशोक कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जीएम को बताया कि बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। जीएम ने किसानों की समस्याओं को सुनकर उनको 25 अगस्त तक कुछ गन्ने का भुगतान कराने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा जीएम माह अक्तूबर में मिल चालू कराने के लिए विचार विमर्श करने की बात कही है। प्रतिनिधिमंडल में ब्रजेश कुमार, रविंद्र, पप्पू लंबरदार, पायलट, नित्यानंद चेयरमैन, रामनिवास शर्मा, प्रताप, महेंद्र, बलबीर नागर, हेमराज राना आदि किसान शामिल रहे।