वृद्ध की हार्टअटैक से मौत होने की पुष्टि
पुरकाजी। एक सप्ताह पूर्व हुई वृद्ध की मौत हार्टअटैक से होने की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई है। यह जानकारी पुलिस ने दी। 26 अप्रैल को गांव सुवाहेड़ी निवासी 60 वर्षीय इसराईल का शव उसके ही मकान के कमरे में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के चचेरे भाई ने पुलिस को तहरीर देकर उसकी पत्नी व पुत्री और दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की थी। दो दिन बाद मृतक की पुत्री ने थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर से मिलकर अपने अन्य परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। शुक्रवार को इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में वृद्ध की मौत हार्टअटैक से होने की पुष्टि हुई है। परिजनों द्वारा एक दूसरे पर लगाए जा रहे हत्या करने के आरोप निराधार है। अब कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
3200 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई
पुरकाजी। कस्बे में सरकारी गल्ले में अब तक कुल 3200 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है, जो पिछले वर्ष से 1200 क्विंटल अधिक है। यह जानकारी देते हुए विपणन अधिकारी गौरव वाजपेयी ने बताया कि 18 अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रारंभ की गई थी। अब तक 90 किसानों से गेहूं की खरीद की गई है। उन्होंने बताया कि कुल 9000 क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य है। जिसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकाले
पुरकाजी। छपार के गांव तेजलहेड़ा निवासी विकास शर्मा ने बृहस्पतिवार को पुरकाजी एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने गया था। वह पीएनबी के एटीएम में घुस गया और रुपये निकालने लगा। पैसे निकलने में दिक्कत होने पर वहां पर खड़े एक युवक ने उसका कार्ड लेकर रुपये निकाल दिए। इसी दौरान युवक ने उसका कार्ड बदल लिया। थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल पर साढ़े तेरह हजार रुपये निकलने का मैसेज आया तो उसने अपना एटीएम कार्ड चेक किया तो वह उसका नहीं था। पीड़ित ने शुक्रवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।