सड़क का निर्माण नहीं होने से आक्रोश पनपा
मोरना।
ठेकेदार ने एक वर्ष पूर्व सड़क उखाड़ दी थी। एक वर्ष बाद भी सड़क का निर्माण न होने से नागरिकों में रोष व्याप्त है। बस्ती के नागरिकों ने ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने सहित सड़क को शीघ्र बनवाने की मांग प्रशासन से की है।
नगर पंचायत भोकरहेड़ी के मोहल्ला लोकुपुरा उत्तरी के नागरिक सतेंद्र कुमार, सुधीर कुमार, रविराज, मुकेश कुमार, विमल, डॉ. धर्मपाल सिंह, इंद्रपाल सिंह, कविंद्र सिंह, सुभाष, अशोक, त्रिवेंद्र, इंद्रवीर, हरेंद्र आदि ने बताया उनकी बस्ती के मुख्य मार्ग को ठीक ठाक हालत में ठेकेदार द्वारा उखाड़ दिया गया था, जिसका विरोध बस्ती के नागरिकों ने किया, लेकिन ठेकेदार नहीं माना और उसने मजदूरों से सड़क को उखड़वा दिया। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इस सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। जलभराव, कीचड़ आदि का सामना नागरिकों को करना पड़ रहा है। सड़क के बारे में नगर पंचायत कार्यालय से जानकारी करने पर बताया कि ठेकेदार ने बिना अनुमति के सड़क को उखड़वाया है। उखड़ी सड़क में जगह जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें गिरकर पशु जख्मी हो रहे हैं। वहीं, नागरिकों का निकलना भी दूभर हो गया है। अधिशासी अधिकारी अनूप राय ने बताया कि मार्ग के संबंध में शिकायत आई हुई है। शीघ्र जांच कराकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी तथा मार्ग को शीघ्र बनवा दिया जाएगा।