सिसौली में प्राकृतिक खेत पर आज पंचायत
भौराकलां।
किसान भवन सिसौली में प्राकृतिक खेती पर चर्चा के लिए शनिवार को किसान पंचायत का आयोजन होगा। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ राकेश टिकैत ने बताया कि किसानों की उत्पादन लागत को घटाना और जमीन की उर्वरा शक्ति को प्राकृतिक आधार पर बढ़ाने पर चर्चा होगी। सिसौली में एक दिवसीय किसान पंचायत का आयोजन किया जायेगा। जिसमें हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत भाग लेंगे। किसान भवन में लगे सोलर पैनल का उद्घाटन करेंगे। किसान पंचायत में मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, बागपत आदि आसपास के हजारों किसान भाग लेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिन- प्रतिदिन घटती जमीन की उर्वरा शक्ति, भूगर्भ जल का गिरता स्तर, खेती की बढ़ती लागत व घटती आमदनी को लेकर किसानों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। पंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के अलावा क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्वमंत्री डॉ संजीव बालियान, बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक सहित सैकड़ों किसान भाग लेंगे।