मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर मीरापुर के मोंटी तिराहे पर रोडवेज की टक्कर से एक ग्रामीण गंभीर घायल हो गया। उसे मेरठ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मीरापुर थानाक्षेत्र के गांव शिवपुरी निवासी राजबीर (55) पुत्र छंगा बृहस्पतिवार की रात गांव जाने के लिए मोंटी तिराहे पर बस की प्रतीक्षा में खड़ा था। इसी दौरान मेरठ से बिजनौर जा रही रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी जानसठ भर्ती कराया, जहां सेपरिजन डॉक्टर की सलाह पर उसे मेरठ ले गए। उपचार के दौरान राजबीर की मेरठ के अस्पताल में मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक छा गया। पीड़ित परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया।
हमले की रिपोर्ट दर्ज
मीरापुर। नयागांव भुम्मा में खाद के गड्ढे को लेकर हुई मारपीट की रिपोर्ट 13 दिन बाद दर्ज की गई। नयागांव भुम्मा निवासी शोकेंद्र पुत्र सतवीर की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार छह जनवरी को सुबह शोकेंद्र के चाचा रोहताश और राजेंद्र पक्ष के बीच खाद के गड्ढ़े को लेकर मारपीट हो गई थी। इस मारपीट में पीड़ित पक्ष की ओर से राजेंद्र, सुभाष, रोहित, श्रीचंद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।