दुराचारी को जेल भेजा
मीरापुर। करीब दो माह पूर्व क्षेत्र के गांव निवासी दो युवकों ने किशोरी को बहला फुसला कर ले जाकर उससे गैंगरेप किया था। पीड़िता के पिता ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में एक वांछित खालिद पुत्र अशफाक पहले ही जेल जा चुका है। दूसरे आरोपी वसीम निवासी तुल्हेड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उधर, पुलिस ने गांव सिकंदरपुर निवासी जरीफ पुत्र मुबारिक, अबरार पुत्र सईद को पुरानी रंजिश में मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
गड्ढों में तब्दील हुआ हाइवे
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर मोंटी तिराहा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बड़े गड्ढों में परिवर्तित हो गया। मीरापुर के इस तिराहे पर यातायात सुचारु करने के लिए प्रशासन की ओर से तीन डिवाइडर भी बना दिए गए हैं। इस तिराहे पर दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग और पानीपत खटीमा राजमार्ग मिलता है। महत्वपूर्ण तिराहे से दिन रात यातायात गुजरता है। प्रशासन की लापरवाही के चलते तिराहा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में परिवर्तित हो गया है, जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
रामराज में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी
मीरापुर। रामराज बिजलीघर के जेई इंद्रमणि ने बताया कि शनिवार को बिजलीघर में तकनीकी खराबी ठीक करने के कारण रामराज और खादर क्षेत्र में प्रात: 10 बजे से शाम 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी।