जूनियर हाईस्कूल की बिल्डिंग में रहने वाली शिक्षिका ने थाने में हंगामा खड़ा कर दिया। शिक्षिका का आरोप है कि स्कूल की प्रबंधन समिति के सदस्य उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। कोतवाली में शिक्षिका की समिति के सदस्यों के साथ काफी नोकझोंक भी हुई। दोनों पक्ष कतई झुकने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने दोनों पक्षों पर पाबंद मुचलका की कार्रवाई कर दी है।
नगर के एक जूनियर हाईस्कूल में तैनात शिक्षिका का स्कूल प्रबंधन समिति को लेकर पिछले 16 वर्ष से विवाद सहारनपुर सहायक रजिस्ट्रार के यहां चल रहा था। प्रबंधन समिति के सदस्यों का कहना है कि सहायक रजिस्ट्रार ने पुरानी समिति को सही ठहराते हुए स्कूल की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व सदस्य इस स्कूल में कार्य कराना चाहते हैं, जिसको लेकर शिक्षिका और प्रबंधन समिति के सदस्यों के बीच कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्ष अपना अपना पक्ष लेकर शनिवार को कोतवाली में पहुंचे। कोतवाली में शिक्षिका की प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ काफी नोकझोंक तक हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बमुश्किल समझाया। इंस्पेक्टर पीपी सिंह ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद इसे वर्चस्व की लड़ाई मानते दोनों को मुचलका पाबंद करने के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुचलका पाबंद की कार्रवाई कर दी है।