उद्योगों के लिए बिजली दरें कम करें: कपिल
मुजफ्फरनगर। विधायक कपिलदेव अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के उद्यमियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर शहर के उजड़ते उद्योगों को रोकने की मांग की। इस दौरान उद्यमियों ने बिजली की दरें कम करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के कालिदास मार्ग पर उद्यमी कुंज बिहारी अग्रवाल, सतीश गोयल, संजय जैन, नीरज बंसल, जयप्रकाश जैन और आरपी सिंह आदि ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सपा सरकार में जेपी, बजाज, टोरेंटो आदि कंपनियों से महंगी बिजली खरीदकर उद्योगों को दी गई, जिसमें बड़ा घालमेल हुआ। फैक्ट्रियां भी बंदी के कगार पर पहुंच गईं। विधायक कपिलदेव ने कहा कि उद्योग बंद होने से हजारों लोग बेरोजगार हो गए हैं। उद्योगों को चलाने के लिए उद्योग नीति में संशोधन की आवश्यकता है। बसपा शासनकाल में जारी की गई करोड़ों की रिकवरी के मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। कपिलदेव ने यह भी कहा कि यूपी की बिजली की दरें अन्य प्रदेशों से अधिक हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को सुना और कहा कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने की पक्षधर है। जल्द ही इस बारे में विचार किया जाएगा।