एनएच-58 पर मावा, शहर में घी के ड्रम पकड़े
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के साथ हाईवे और शहर में एफएसडीए की सचल टीम ने कई स्थानों पर छापामारी की। हाईवे से मावा पकड़ा गया है, जबकि शहर के भीतर घी नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर अभियान चलाया। टीम ने पहले कांवड़ शिविरों का निरीक्षण कर मसालों, खाने-पीने की वस्तुओं की जांच की। यहां कोई संदिग्धता नहीं मिली है। इसके बाद सचल दल ने नेशनल हाईवे पर छापामारी के दौरान जानसठ रोड पर टेंपो में लदा मावा पकड़ा है। जांच-पड़ताल कर उसका नमूना सील किया गया। टेंपा में जमील पुत्र मंगता निवासी तेवड़ा शहर में सप्लाई के लिए ला रहा था। टीम ने मावा लेने वाले व्यापारियों, कारोबारियों के भी नाम नोट किए हैं।
वहीं, आदर्श कालोनी में गणपत स्वीट्स पर छापामारी की। यहां मनोज पुत्र नेमचंद के दो ड्रमों में भरे घी की जांच की। टीम ने घी के नमूने लेकर टेस्टिंग को लखनऊ प्रयोगशाला भेजे हैं। इसके बाद गांधी कॉलोनी में किरनपाल पुत्र सुक्कन लाल की मिठाई की दुकान पर छापामारी की गई। अधिकारियों ने दुकान से बेसन का लड्डू जांचा और उसका भी नमूना सील किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, डॉ. अनिल कौशल, डॉ. राकेश कुमार आदि ने नमूने सील किए।