शारदेन में होनहार विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
मुजफ्फरनगर। शारदेन स्कूल में ऑनर्स एसेंबली का आयोजन कर छात्र- छात्राओं का सम्मान किया गया। मेधावियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बैज देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डीआईओएस रहे।
शारदेन के छात्र-छात्राओं में जानवी, दृष्टि, नाविया, अनमता, वंशदीप, आकृति, अतिशय, शुभ, श्रेया ने वी आर वन मधुर गीत प्रस्तुत किया। थर्ड सी के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत नमस्ते इंडिया पर मनभावन नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि पीयूष कुमार मिश्रा ने कक्षा चार से पांच तक के सभी मेधावियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्टार गोल्ड बैज, गोल्ड बैज एवं सिल्वर बैज पारितोषित रूप में प्रदान किए। 90 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त करने वाले 139 विद्यार्थियों ने स्टार गोल्ड बैज प्राप्त किए। 80 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त करने वाले 134 छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता पर गोल्ड बैज प्राप्त किए। 70 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त करने वाले 88 छात्र-छात्राओं ने सिल्वर बैज प्राप्त किए। प्रधानाचार्या धारा रतन ने कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, अगर मन में दृढ़ निश्चय कर ले तो कामयाबी एक दिन जरूर मिलेगी। स्कूल प्रबंधक विश्व रतन ने कहा कि सभी ज्यादा से ज्यादा बच्चे स्टार गोल्ड बैज लाने की कोशिश करें। हमें जीवन में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। अपने भविष्य को उन्न्त बनाने की कोशिश करनी चाहिए। यदि एक बार में सफल नहीं हो पाते तो बार-बार कोशिश करनी चाहिए। इस दौरान अगम, कल्पना कौशिक, सुषमा शर्मा, साक्षी, अंतरा, पूनम शर्मा, मोनिका मलिक आदि अध्यापिकाएं भी उपस्थित रहीं। मंच संचालन कक्षा छह की छात्रा तुलिका एवं कोशांभी ने किया।