ट्रेनें रद्द होने से परेशान घूमते रहे यात्री
मुजफ्फरनगर। खतौली-मुजफ्फरनगर के बीच डबल ट्रैक पर कार्य के चलते करीब एक दर्जन ट्रेनें रद्द हो गईं। अधिकांश पैसेंजर ट्रेनों के रद्द हो जाने से मंगलवार को यात्री परेशान घूमते रहे। मंसूरपुर में ओवरब्रिज के नीचे का फाटक बंद नहीं होने से दोहरीकरण का कार्य प्रभावित रहा।
रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य के चलते बीते कई दिनों से ट्रेनों का संचालन बाधित हो रहा है। पहले 14 मार्च को पांच दिनों के लिए इस रूट पर चलने वाले 11 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। मंगलवार से ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू होने वाला था, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने एक दर्जन ट्रेनों को फिर से आगामी आदेश तक रद्द कर दिया। दिल्ली-सहारनपुर की सभी अप और डाउन पैसेंजर, दिल्ली-अंबाला, निजामुद्दीन-अंबाला, अंबाला-पुरानी दिल्ली, ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर, अंबाला-दिल्ली इंटरसिटी, मेरठ-अंबाला अप एवं डाउन पैसेंजर रद्द है। नौचंदी लिंक भी मेरठ-सहारनपुर के बीच नहीं चल रही। नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन मेरठ से हो रहा है। मंगलवार को ट्रेन नहीं मिलने के कारण यात्री स्टेशन पर परेशान घूमते रहे। बार-बार पूछताछ केंद्र पर पहुंचकर ट्रेनों के बारे में जानकारी जुटाते रहे। ट्रेन नहीं मिलने के कारण यात्रियों को बसों में सफर करना पड़ा। एक दर्जन से अधिक ट्रेनों के रद्द होने के कारण रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है, जिससे परिवहन निगम की आय में बढ़ोतरी हुई है। उधर, मंसूरपुर फाटक के बंद नहीं होने के कारण दोहरीकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि फाटक बंद होने के बाद ही काम पूरा होगा।