स्कूटी-मारुति से टकराई, दो घायल
रतनपुरी/खतौली। गांव बड़सू रजबहे के पास स्कूटी सामने से आ रही कार से टकरा गई, जिससे स्कूटी सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को मेरठ के हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक घायल की हालत चिंताजनक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक मुजफ्फरनगर के संगम विहार निवासी अमित पुत्र सोहनवीर कार से शनिवार की शाम अपनी बहन अमृता को खतौली से लेकर रतनपुरी क्षेत्र के गांव टोडा में शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जब ये लोग बड़सू रजबाहे के समीप पहुंचे तो बुढ़ाना की ओर से तेज गति से आ रहे स्कूटी सवार ट्रक को बचाने के प्रयास में अचानक इनकी कार के सामने आ गए। स्कूटी और कार की आमने सामने की भिड़ंत हो गई, जिससे स्कूटी चालक अफजाल पुत्र अय्यूब और बाबू पुत्र समसूदीन निवासीगण गांव सठेड़ी बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना पर सठेड़ी से दोनों के परिजन भी मौके पर पहुुंच गए। पुलिस ने परिजनों के साथ दोनो घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मोदीपुरम के चंद्रा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां घायल बाबू की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, कार सवार अमित को हिरासत में ले लिया है।