सांसद ने किया सोलर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण
मुजफ्फरनगर। सिविल बार एसोसिएशन के परिसर में स्थापित किए गए पांच किलोवाट के सोलर ऊर्जा संयंत्र का सांसद डा. संजीव बालियान एवं विधायक उमेश मलिक ने लोकार्पण किया। सांसद ने प्रांगण में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने का भी आश्वासन दिया।
सिविल बार एसोसिएशन के परिसर में अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए पांच किलोवाट का सोलर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है। अधिवक्ताओं ने सोलर संयंत्र स्थापित कराने के लिए सांसद का आभार जताया। सिविल बार के महासचिव ब्रिजेंद्र मलिक ने परिसर में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने की मांग की। सांसद ने उन्हें आश्वस्त किया। इस अवसर एल्डर कमेटी के चेयरमैन ठाकुर रोहिताश्व सिंह, अधिवक्ता जिया लाल जैन, अवध बिहारी लाल गुप्ता, नीरज ऐरन, मुकेश जौहरी, उमेश सिंघल, मोहल्लड़ सिंह, गौरव गोयल आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। अध्यक्षता अनिल कुमार दीक्षित ने की।
छात्र-छात्राओं ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली
मुजफ्फरनगर। प्राथमिक पूर्वी पाठशाला के छात्र-छात्राओं ने नगर में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। बीएसए दिनेश कुमार यादव तथा नगर शिक्षा अधिकारी डा. सविता डबराल के निर्देशन में रैली का शुभारंभ विद्यालय से किया गया। सेवानिवृत्त शिक्षक सीताराम के नेतृत्व में रैली टाउन हाल, शिव चौक, मीनाक्षी चौक होते हुए निकाली गई। रैली में शिक्षक रमन नारंग, शहनाज बानो, हिमानी रानी, शिवानी, रफअत मिर्जा, निगहत परवीन, रजनी, शीला देवी, शालिनी आदि शामिल रहीं। इसके बाद विद्यालय में अभिभावकों की गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में सभी को निर्भीक होकर धर्म, जाति, समुदाय, भाषा तथा अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने की शपथ दिलाई गई।
पालिका में मारपीट की निंदा
मुजफ्फरनगर। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मोहम्मद तारिक कुरैशी, शहर अध्यक्ष सतीश गर्ग एवं सेवादल के जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने नगर पालिका में मारपीट प्रकरण की निंदा की। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। प्रेस को जारी बयान में कहा किपुलिस ने पेशेवर अपराधियों की तरह सभासदों और उनके परिजनों को घर से उठाया। पालिकाध्यक्ष से भी अभद्रता की गई। उन्होंने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।