ट्रैक्टर ट्रॉली और टेंपू की भिड़ंत
खतौली। हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली की भिड़ंत में दोनों चालक घायल हो गए। टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जाकर पलटी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेरठ निवासी रिंकू पुत्र राजबीर अपने टेंपू में यहां से सामान भरकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। हाईवे पर भैंसी कट के पास ट्रैक्टर ट्रॉली और टेंपू की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में जा गिरी। हादसे में ट्रैक्टर चालक चरथावल के गांव तुल्हेड़ी निवासी कामिल पुत्र अब्दुल व टेंपू चालक रिंकू घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने ट्रैक्टर चालक को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। हादसे के दौरान हाईवे पर जाम भी लग गया था। पुलिस ने सड़क से टेंपू हटवाकर जाम को खुलवाया।