वृद्धा आश्रम में आठ महिलाओं के नहीं मिलने पर संचालिका से पूछताछ
मोरना (मुजफ्फरनगर)। देश व प्रदेश में घटी घटनाओं को मद्देनजर रखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। महिला सुरक्षा को लेकर मुस्तैदी दिखाते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला वृद्धा आश्रम, दिव्यांग व अनाथ आश्रम में पहुंचकर संचालकों से पूछताछ की। आश्रम में आठ महिलाओं के नहीं मिलने पर संचालिका से पूरी जानकारी ली। संचालिका ने बताया कि आठ महिलाएं अपनी रिश्तेदारों के घर पर मिलने गई हुई हैं।
तीर्थस्थल शुक्रताल स्थित आर्य महिला वृद्धा आश्रम में पहुंचे एसडीएम विजय कुमार, सीओ भोपा राममोहन शर्मा व थाना प्रभारी निरीक्षक डा. ब्रजेश प्रताप सिंह ने आश्रम संचालिका कांता देवी से जानकारी प्राप्त की। आश्रम संचालिका ने बताया कि आश्रम का रजिस्ट्रेशन है। वर्षों से वे बेसहारा वृद्धा महिलाओं की सेवा कर रही हैं। 22 महिलाओं का रजिस्ट्रेशन उनके आश्रम में दर्ज है। फिलहाल 14 महिलाएं आश्रम में रह रही हैं। आठ महिलाएं अपने रिश्तेदारों से मिलने गई हुई हैं। अक्सर महिलाएं अपने रिश्तेदारों से मिलने जाती रहती हैं। एसडीएम ने अनुपस्थित महिलाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सभी महिलाओं कीपूरी जानकारी व उचित संरक्षण देने के निर्देश आश्रम संचालिका को दिए। इसके उपरांत प्रशासनिक टीम दिव्यांग व अनाथ आश्रम पहुंची तथा आश्रम के संचालक विरेंद्र राणा ने दिव्यांग बालक बालिकाओं, अनाथ बालक बालिकाओं सहित अध्यापिकाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने गंगा घाट पर एक अन्य महिला आश्रम के सेवक से आश्रम के बारे में जानकारी ली। एसडीएम ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।