बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत
सिखेड़ा। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर अनियंत्रित बाइक फिसल कर पेड़ से जा टकराई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को जानसठ चिकित्सालय में भर्ती कराया तथा शव को कब्जे में लिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा गया।
गांव सिखेड़ा निवासी दीपांशु पुत्र देवेंद्र, प्रफुल्ल पुत्र विभोर, शिवा उर्फ सोनू पुत्र मांगेराम बाइक पर सवार होकर भोपा से दवा लेकर लौट रहे थे। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर वह पहुंचे तो किसी वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई तथा एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में सिखेड़ा निवासी दीपांशु (23) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी शिवा उर्फ सोनू व प्रफुल्ल घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जानसठ चिकित्सालय में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय के रेफर किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। ग्राम प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि तीनों युवक बुलंदशहर में होने वाली 19 तारीख की पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे।