स्कूल के अंदर नाले का पानी घुसा
खतौली। जीटी रोड के किनारे नाला सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से ओवरफ्लो हो गया है। इसका पानी नाले से निकलकर कालेज में भरने लगा है। पानी कालेज में भरने से कालेज के स्टाफ को अंदर आने जाने के लिए मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने डीएम से गंदे नालों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
कबूल कन्या इंटर कॉलेज जीटी रोड पर स्थित है। कॉलेज के बाहर जीटी रोड के किनारे नाला है। इस नाले की सफाई हुए काफी समय बीत चुका है। नतीजतन नाला पूरी तरह से कूड़ा करकट तथा सिल्ट जमा होने से पानी ओवरफ्लो हो गया है। नाले का पानी आगे निकलने के बजाए कालेज के अंदर भरने लगा है। शीघ्र नाले की सफाई नहीं कराई गई तो कालेज की स्थिति नारकीय हो सकता है। यह नाला नगरपालिका और ग्राम पंचायत भूड़ की सीमा में आता है। इसके बावजूद न तो पालिका की ओर से सफाई कराई गई तथा ग्राम पंचायत की ओर से भी इस ओर कतई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। राजेंद्र, कालू, सतीश, प्रदीप, शमशाद, कामिल नरेंद्र आदि ने डीएम से नालों की सफाई कराने की गुहार की है।