मुजफ्फरनगर। रेलवे सीनियर अफसरों ने सिग्नल व्यवस्था के साथ डबल ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान निरीक्षण में तमाम व्यवस्थाएं देखीं और बेहतर कार्य के लिए निर्देश दिए। दोनों अधिकारी डबल रेलवे लाइन के निर्माण कार्य, सिग्नल आदि को देखकर गए हैं। इसके साथ दलित संगठनों के उपद्रव के बाद स्टेशन, कोच्चिवेली में पर हमले की बाबत जानकारी ली है। स्टेशन पर टूटे दरवाजों, टिकट मशीन तक को देखा और रिपोर्ट बनाकर ले गए हैं।
शुक्रवार सुबह उत्तर रेलवे के डायरेक्टर जर्नल (डीजी) अखिल श्रीवास्तव और डीएसटीई (कोर्डिनेट) इंजीनियर विकास श्रीवास्तव ने मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने दिल्ली से लेकर टपरी तक बिछाए जा रहे डबल रेलवे ट्रैक की जांच-पड़ताल की है। हाल ही में खतौली तक डबल ट्रैक चालू करा दिया गया है। इससे आगे का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण मार्च माह में रेल संचालन बाधित रखा गया था। इसको लेकर दोनों अधिकारियों ने स्टेशन पर पहुंचकर ट्रैक, सिग्नल का निरीक्षण किया है। दोनों अधिकारियों का दौरा इसलिए अहम माना जा रहा है कि दो अप्रैल को भारत बंद में दलित संगठनों से जुड़े युवाओं ने रेलवे स्टेशन पर उत्पात मचाया है। यहां भी सैकड़ों की भीड़ ने मुख्यद्वार के शीशे तोडऩे के साथ डिजिटल टिकट मशीन तोड़ दी थी। जबकि देहरादून-कोच्चिवेली एक्सप्रेस पर हमला कर तोड़फोड़ की कोशिश की गई। स्टेशन अधीक्षक से उपद्रव की बाबत भी जानकारी ली गई है। इसके अलावा दोनों सीनियर अफसरों ने सिग्नल व्यवस्था पर ध्यान देने, ट्रेनों की सुरक्षा और स्टेशन पर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कहा है। आला अफसरों के निरीक्षण से स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। करीब डेढ़ घंटे तक दोनों अधिकारी स्टेशन पर मौजूद रहे। उसके बाद तमाम रिपोर्ट तैयार कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। स्टेशन अधीक्षक विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि डीजी अखिल अग्रवाल और विकास श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया है। दोनों अधिकारियों ने सिग्नल आदि व्यवस्था देखने के साथ परिसर की जांच की है।