जानसठ। खंड विकास सभागार में लोक कल्याणकारी मेले का उद्घाटन करते हुए विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्य में सुधार लाए वरना उनको पूर्वांचल भेज दिया जाएगा।
शुक्रवार को ब्लाक सभागार में भाजपा सरकार द्वारा लोक कल्याणकारी आयोजित मेले का उद्घाटन करते हुए विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार जनता के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला कर उन्हें लाभ पहुंचाने का काम कर रही है। कुछ अधिकारी सरकार की योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं कर रहे हैं, सभी अधिकारी अपना कार्य इमानदारी से करें। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव में होने वाले विवादों को सुलझा कर गांव को विवाद मुक्त बनाने में सहयोग दें। जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह ने फसली ऋण माफी योजना के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। मेले में जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह, एसडीएम जानसठ गजल भारद्वाज, सीडीओ अर्चना वर्मा, जिला विकास अधिकारी मोतीलाल, समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद कासिम समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे। संचालन वीडीओ विजय प्रताप यादव ने किया।