बालश्रम पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने झकझोरा
मुजफ्फरनगर। डायट में दो दिवसीय शैक्षिक मेले के अंतिम दिन स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल श्रम पर कैराना ब्लाक के मलकपुर के बच्चों ने ऐसी प्रस्तुति दी कि समस्त पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रस्तुति ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया। मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित मेले में दूसरे दिन परिषदीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की छात्राओं ने संवेदनात्मक प्रस्तुति दी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बालश्रम रोकने की थीम पर बच्चों की प्रस्तुति ने लोगों को बांधे रखा। शामली जिले के कैराना ब्लाक के मलकपुर गांव के बच्चों ने बालश्रम पर गीत और लघु नाटिका के माध्यम से बालश्रम में धकेले जाने वाले बच्चों का दर्द बयां किया। लोगों को इस प्रस्तुति ने अंदर तक झकझोर दिया। इन बच्चों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया। शैक्षिक मेले में पोस्टर प्रतियोगिता में साक्षी सिंहवाल ने पहला और अंशु त्यागी ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया, राशिदा खातून को तीसरा स्थान मिला। आदर्श पाठ योजना में एकता भारद्वाज ने प्रथम स्थान पाया। नवाचार प्रदर्शन में वसुंधरा शर्मा ने प्रथम, रीना सिंह ने द्वितीय, विकास कुमार ने तृतीय स्थान पाया। टीएलएम प्रदर्शन में ऊन ब्लाक प्रथम, चरथावल द्वितीय और सदर ब्लाक तीसरे स्थान पर रहा। विज्ञान क्विज में बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुख्य अतिथि केंद्रीय भंडारण निगम के निदेशक जेएस कौशल रहे। डायट प्राचार्य भीम सिंह ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में जिला समन्यक शामली सुधीर सैनी, राजीव गुप्ता, सरोज तोमर, मदनपाल, अनिता चौधरी, विजयपाल, रामकुमार शर्मा, अनु, जितेंद्र सिंह, डॉ सुधीर कुमार, मीरा शर्मा, रीना वर्मा, पंकज त्यागी, वीरेंद्र अग्रवाल, सुशील मलिक, मनोज वर्मा, कमन नैन, शैली, प्रियांशी पाल, रेनू शर्मा, ऐश्वर्या, देवेंद्र, सोनू आदि का सहयोग रहा।