महिला समेत दो की मौत
मुजफ्फरनगर। जिला चिकित्सालय में उपचार को लाई गई महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। शहर कोतवाली के मोहल्ला खालापार निवासी 63 वर्षीया महिला को परिजन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाए थे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लद्दावाला निवासी 35 वर्षीय युवक को भी परिजन गंभीर अवस्था में अस्पताल लाए थे, उसकी भी मौत हो गई। परिजन किसी प्रकार की कार्रवाई से इंकार करते हुए शवों को साथ ले गए।
सड़क हादसों में यात्री घायल
मुजफ्फरनगर। विभिन्न सड़क हादसों में कई यात्री घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाली के गांव लकडसंधा निवासी मोनू शनिधाम मंदिर के पास हुए सड़क हादसे में घायल हो गया। कासमपुर के पास हुए सड़क हादसे में गादला का अलीम घायल हो गया। रोहाना के पास हुए सडक हादसे में बडगांव के बढेडी निवासी राजपाल व मोनू भी घायल हो गए।
हमला किया
मुजफ्फरनगर। सैदपुरा निवासी अली मुख्तार पुत्र सफदर अब्बास पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया।
31 हजार के साथ आठ जुआरी बंदी
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस ने वहलना चौक पर छापा मारकर आठ लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पकड़े गए जुआरियों के पास से 31 हजार की नकदी व ताश के पत्ते बरामद हुए हैं। एक सूचना के आधार पर पुलिस ने वहलना चौक पर एक स्थान पर छापा मारा। जुआ खेल रहे आठ लोगों को दबोच लिया। पकडे गए जुआरियों के पास से 31 हजार की नकदी व ताश के पत्ते बरामद हुए। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी है।