केबिल कटने से टेलीफोन सेवा ठप
रतनपुरी। रतनपुरी में खतौली व बुढ़ाना मार्ग के दोनों ओर पीडब्लूडी के ठेकेदार की ओर से नाला खोदा जा रहा है। रतनपुरी में स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास नाला खोदते समय जेसीबी से भूमिगत बीएसएनएल का केबिल कट गया। नतीजतन क्षेत्र के सैकड़ों टेलीफोन ठप हो गए, जिससे इंटरनेट सेवा बाधित होने पर बैंकों के ब्रॉडबैंड कनेक्शन भी बंद हो गए। बैंकों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। इसके अलावा रतनपुरी पुलिस स्टेशन के कार्यालय में सीसीटीएनएस सेवा बाधित रही। पुलिस को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खतौली से आए बीएसएनएल कर्मचारियों ने केबिल को ठीक करने में जुटे हैं। देर शाम तक सेवाएं बहाल नहीं हो सकी थी। कर्मचारियों का कहना है कि जेसीबी ने केबिल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। बहुत जल्द नया केबिल डालकर सेवाएं शुरू कर दी जाएगी।
महिलाओं समेत तीन घायल
जानसठ। कस्बा चरथावल निवासी दिलशाद पुत्र फरमान अली बृहस्पतिवार को बाइक द्वारा अपनी दो पुत्रवधू साजिदा व रानी को लेकर मीरापुर क्षेत्र के एक गांव में जा रहा था। जब वह सिखेड़ा क्षेत्र के गंगनहर पुल पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने बाइक में साइड मार दी। हादसे में दिलशाद समेत दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।