ट्रेन की चपेट में आए ग्रामीण की मौत
मुजफ्फरनगर। स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर एक ग्रामीण की मौत हो गई। बाद में मृतक की पहचान भोपा के गांव मलपुरा निवासी नीरज त्यागी के रूप में हुई। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार दुपहर को एक ग्रामीण कहीं जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। वह लाइन नंबर दो को पार कर दूसरे प्लेटफार्म पर जाने लगा। इसी दौरान देहरादून-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। ग्रामीण को इसकी जानकारी नहीं हुई, जिससे ट्रेन की चपेट में आकर कटने से उसकी मौके पर मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया। उसके पास से मिली डायरी में मोबाइल नंबर के जरिये मृतक की पहचान भोपा के गांव मलपुरा निवासी नीरज त्यागी उर्फ मीनू त्यागी (55) के रूप में हुई। कुछ समय बाद परिजन भी घटनास्थल पर आ गए। बाद में जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में कोहराम मचा
भोपा। मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर रेल की चपेट में आ जाने से हुई नीरज त्यागी उर्फ मीनू त्यागी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। दो वर्ष उसके बेटे की भी मौत हो गई थी। आज ही पत्नी व बेटा देवबंद शादी के लिए गए थे। मीनू त्यागी अपनी पत्नी व छोटे बेटे को देवबंद जाने के लिए भोपा से बैठाकर घर लौट गया था। घर से बूढ़ी मां से कुछ देर में लौट आ जाने के बारे में कह कर गया था। कुछ घंटे बाद उसकी मौत की खबर परिजनों को मिली। मीनू के नाना के कोई बेटा नहीं होने के कारण मीनू की मां और मौसी मलपुरा में ही रहती थी।
पूर्व प्रधानमंत्री आए थे घर
भोपा। मृतक के परिवार में 28 वर्ष पहले पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर आए थे। मीनू त्यागी के नाना श्यामसिंह नेता जी के नाम जाने जाते थे। लखनऊ में उनकी मुलाकात पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर से हुई थी। वो श्याम सिंह के यहां शादी में भी आए थे।