मुजफ्फरनगर। लगातार प्रयासों के बावजूद शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को हड़ताल के सातवें दिन पालिका परिसर में सफाई कर्मियों ने कामबंद हड़ताल पर रहते हुए धरना प्रदर्शन किया। संघ के नेताओं ने स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के नेताओं को पत्र लिखकर आंदोलन में समर्थन देने का आग्रह किया है। दबाव बढ़ता देखकर पालिका कर्मियों ने ईओ से वार्ता की और सफाई कर्मियों की हड़ताल खुलवाने के लिए समझौता करने पर जोर दिया। हड़ताल से शहर में गंदगी फैलनी शुरू हो गई है।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजू वैद और महामंत्री मदनलाल के नेतृत्व में 21 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। अपनी मांगों के समर्थन में सफाई कर्मचारियों ने पालिका प्रांगण में एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया। नौ जनवरी से शहर के सभी 50 वार्डों में 831 सफाई कर्मचारी कामबंद हड़ताल पर है। ईओ विकास सैन ने हड़ताल में शामिल होने वाले संविदा सफाई कर्मियों और ठेका कर्मियों को काम पर लौटने की चेतावनी के साथ नोटिस दिए तो मामला और बिगड़ गया। अब सफाई कर्मचारी संघ ने स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ को पत्र लिखकर आंदोलन में समर्थन मांगा है। इससे पालिका कर्मियों पर भी हड़ताल का दबाव बढ़ने लगा है। वित्तीय वर्ष का अंतिम समय होने के कारण इन दिनों पालिका में राजस्व वसूली पर जोर दिया जा रहा है, यदि ऐसे में पालिका कर्मचारी भी हड़ताल पर जाते हैं तो विकट स्थिति उत्पन्न होने के साथ ही पालिका को राजस्व हानि भी उठानी पड़ सकती है।
इसी समस्या को लेकर सोमवार को स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष गोपाल त्यागी और प्रांतीय नेता ओमवीर सिंह के साथ पालिका कर्मचारियों ने ईओ विकास सैन से उनके आवास पर मुलाकात की। इस वार्ता में मनोज बालियान, बिजेंद्र सिंह, दुष्यंत कुमार, कुलदीप कुमार, तनवीर आलम, अशोक पाल, राजेश्वर शर्मा, राजीव वर्मा, गोपीचन्द वर्मा आदि कर्मचारी मौजूद रहे। पालिका कर्मियों ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से उबरी स्थिति को लेकर बीच का रास्ता सुझाते हुए समझौते पर जोर दिया। ईओ ने पालिका कर्मियों के एक दल को सफाई कर्मचारी नेताओं के साथ वार्ता करने की जिम्मेदारी दी है। उधर ईओ विकास सैन का कहना है कि संविदा सफाई कर्मियों को नोटिस दिया गया है, हड़ताल को लेकर पालिका प्रशासन सकारात्मक पहलुओं पर गौर कर रहा है, लेकिन संघ नेता जिद पर अड़े हैं। शहर को समस्याओं में धकेला जा रहा है। संघ की जायज मांगे पूरी करने को हम तैयार हैं, लेकिन व्यवस्था वित्तीय स्थिति को देखकर ही की जायेगी।
जनता सफाई के लिए आ रही आगे
मुजफ्फरनगर। शहर के कुछ वार्डों में गंदगी को देखते हुए आम जनता सफाई के लिए आगे आ रही है। ईओ विकास सैन ने बताया कि कुछ सभासद जनता के सहयोग से अपने वार्डों में अभियान चला रहे हैं।