बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर)। हिंडन बचाओ जीवन बचाओ अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ओम गिरि ने कार्यालय के स्टाफ और सफाई कर्मचारियों के साथ श्मशान घाट के पास हिंडन नदी की सफाई करवाई।
स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ओम गिरि नेे शनिवार को हिंडन बचाओ, जीवन बचाओ अभियान को लेकर सफाई कार्यक्रम चलवाया। अधिशासी अधिकारी कार्यालय के सभी कर्मचारियों व सफाई कर्मियों के साथ कस्बे के श्मशान घाट व नदी वाला मंदिर के पास पहुंचे। जेसीबी मशीन तथा सफाई कर्मचारियों के साथ नदी की सफाई करवाई। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि हिंडन नदी किनारे गंदगी नहीं डालने दी जाएगी। गंदगी डालने वालों के विरुद्ध कार्रवाई व जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने नदी वाला मंदिर के पीछे और श्मशान घाट के पास पौधरोपण करवाने के बारे में जानकारी दी। सप्ताह में एक दिन पूर्ण रूप से सफाई अभियान कार्यक्रम चलाया जाता है। यह कार्यक्रम प्रात: काल से अपराह्न तीन बजे तक चलाया जाता है। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी ओम गिरि के साथ दिनेश त्यागी, सतीश, शाह आलम, सचिन सहित नगर पंचायत के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।