अध्यक्ष पद के दो व सदस्यों के 50 नामांकन पत्र लिए
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। तहसील मुख्यालय पर नामांकन पत्रों के खरीदने और जमा करने का सिलसिला चालू हो गया है। दूसरे दिन बुढ़ाना, शाहपुर व सिसौली के अध्यक्ष पद के लिए दो व सदस्य पद हेतु 50 नामांकन पत्र बिके।
तहसील मुख्यालय पर निकाय चुनाव हेतु नामांकन पत्रों की बिक्री जारी रही। शाहपुर निकाय से सदस्य पद पर दो नामांकन पत्र जमा किए गए। उपजिलाधिकारी कुमार भूपेंद्र ने बताया कि बुढ़ाना, शाहपुर व सिसौली निकाय के चुनाव हेतु अध्यक्ष व सदस्य पद हेतु नामांकन पत्रों की बिक्री अलग-अलग काउंटर से की जा रही है। तीनों निकाय के नामांकन पत्रों की बिक्री व जमा करने हेतु सदस्य व अध्यक्ष पद के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार को बुढ़ाना निकाय के अध्यक्ष पद हेतु एक तथा सदस्यों हेतु 22 नामांकन पत्र बिके। शाहपुर निकाय के अध्यक्ष पद हेतु एक तथा सदस्य पद हेतु 17 नामांकन पत्र बिके। नगर पंचायत सिसौली के लिए सदस्य के 11 नामांकन पत्र बिके। शाहपुर निकाय से सदस्य पद पर दो नामांकन पत्र जमा किए गए। प्रशासन ने तहसील में नामांकन पत्रों की बिक्री व जमा करने हेतु चाक चौबंद व्यवस्था की है। पुलिस की सुरक्षा के बीच नामांकन पत्रों की बिक्री शांतिपूर्वक हुई।