चरथावल (मुजफ्फरनगर)। लंबे इंतजार के बाद ब्लॉक में पहला राजकीय मॉडल इंटर कालेज के शुरू होने से ग्रामीण खुश है। एक साल पूर्व बनी विद्यालय की इमारत में बृहस्पतिवार से कक्षा छह और नौ में 25 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। देवलता को कार्यवाहक प्रधानाचार्या नियुक्त किया गया है।
निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने चरथावल विकास खंड के बधाई कलां में बने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में पहले शैक्षिक सत्र 2017-18 में सितंबर तक बच्चों के प्रवेश करने की मंजूरी दी है। पहले दिन खुले स्कूल में प्रधानाचार्या देवलता के निर्देशन में बच्चों का प्रवेश शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि गांव में सरकारी स्कूल खुलने के बाद इंटर तक के बच्चों को चरथावल और रोहाना जाने से मुक्ति मिलेगी। पूर्व प्रधान विजय पाल, पिंकी मलिक, अरविंद मलिक अरसे से गांव में मॉडल इंटर कॉलेज को शुरू कराने के लिए प्रयास में जुटे थे। करोड़ों रुपये की लागत से करीब एक साल पूर्व सरकारी स्कूल की बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई थी। पहली बार खुले स्कूल में बच्चों के प्रवेश के बाद ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। विदित हो कि बधाई कलां समेत जनपद में इस तरह के पांच मॉडल स्कूलों में शिक्षण कार्य जुलाई से शुरू हो गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार ने इन स्कूलों में छह विषयों के लिए सहायक अध्यापकों की नियुक्ति के लिए आदेश दिए है। राजकीय और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के सेवानिवृत्त शिक्षकों को मानदेय पर नियुक्त किए जाने की योजना है।