बल्लेबाज शुभम का एनसीए में चयन
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के ओपनर बल्लेबाज शुभम अग्रवाल को बीसीसीआई की नेशनल क्रिकेट अकादमी में पांच दिन के विशेष प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया है। यह शिविर बंगलूरू में 26 जून से 30 जून तक लगाया जा रहा है।
शहर की कालोनी आनंदपुरी निवासी शुभम अग्रवाल वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश की अंडर 23 क्रिकेट टीम से खेले और पूरे सत्र में एक शतक सहित 360 रन बनाए, जो उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक रन बनाने वालों में दूसरे नंबर पर रहे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के एग्जीक्यूटिव सदस्य और एमसीए सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि पूरे देश से अंडर 23 और अंडर 19 के 12 उदीयमान बल्लेबाजों को इस विशेष बल्लेबाजी शिविर के लिए चुना गया है। उत्तर प्रदेश से शुभम अग्रवाल सहित दो ही बल्लेबाज चुने गए है। इस शिविर से शुभम को अपनी बल्लेबाजी को और निखारने का अवसर मिलेगा। एमसीए अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, चेयरमैन भीम कंसल, कोषाध्यक्ष संजय शर्मा, कुशलपाल सिंह, इंदर माथुर ,ओमदेव सिंह, रोहित, विकास राठी, योगेंद्र मालिक आदि ने शुभम के एनसीए में चयन को मुजफ्फरनगर क्रिकेट के लिए उपलब्धि बताया है।
अंडर 23 क्रिकेट टीम में 22 खिलाड़ियों का चयन
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर और शामली से उत्तर प्रदेश की अंडर 23 क्रिकेट टीम की चयन प्रक्रिया के तहत कुल 22 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। शामली से आठ और मुजफ्फरनगर से 14 खिलाड़ी शामिल है। स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए ट्रायल में दोनों जनपदों से 75 पंजीकृत खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि शामली से बल्लेबाज अगम कोठियांन, सलीम अली, सलमान ,स्पिनर में प्रभात कुमार, मोहसिन, निखिल कुमार, तेज गेंदबाजों में सौरव और बिनीत को चुना गया। मुजफ्फरनगर से बल्लेबाजों में विश्वेन्द्र, हर्ष त्यागी, विवेक और सचिन, गेंदबाजों में राजशेखर, आशीष गोयल, वासुदेव सैनी, उज्ज्वल वर्मा, अंकुर कुमार, सोनू, विकास कुमार, हर्षवर्धन, मनीष बंसल और शांतनु शामिल किए गए है। चुने गए खिलाड़ियों का ट्रायल अब जोन स्तर पर होगा। चयन ट्रायल पर मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव ओमदेव सिंह, विकास राठी, रोहित चौधरी, रवि कौशिक, मनीष त्यागी आदि उपस्थित रहे।