तीसरे दिन शहर के किसी भी कॉलेज में नहीं हो पाया एडमिशन
मुजफ्फरनगर। डिग्री कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे दिन एक भी एडमिशन नहीं हुआ है। बुधवार की शाम तक भी विश्वविद्यालय द्वारा सूची जारी नहीं किए जाने से स्टूडेंट और उनके परिजन कॉलेजों में भटकते रहे।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय डिग्री कॉलेजों में एडमिशन की पहली सूची रिवाइज करने के बाद जारी नहीं कर सका। सूची जारी नहीं होने से बुधवार को शहर के किसी भी कॉलेज में कोई एडमिशन नहीं हो पाया। एडमिशन को लेकर स्टूडेंट और उनके परिजन सुबह से ही कॉलेजों में भटकते रहे। एसडी कॉलेज के प्राचार्य एससी वार्ष्णेय ने बताया कि कॉलेज की तरफ से तैयारी पूरी थी, यूनिवर्सिटी से लिस्ट जारी नहीं होने के कारण प्रवेश नहीं हो पाए। डीएवी कॉलेज, छोटूराम कॉलेज, जैन डिग्री में छात्र-छात्राओं की सुबह से ही काफी भीड़ रही, लेकिन सूची नहीं आने से सभी को मायूस ही लौटना पड़ा। विश्वविद्यालय शाम तक सूची जारी नहीं कर सका। पहली सूची के एडमिशन अब 28 जून तक होंगे। स्टूडेंट के मोबाइल पर भी सूचना भेजी जाएगी।