अधिकारियों ने बैंक मैनेजर पर लगाए गए आरोपों की जांच की
पुरकाजी। भाकियू तोमर संगठन के लोगों द्वारा एसबीआई के मैनेजर के विरुद्ध की गई शिकायत पर अधिकारियों ने बैंक पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान लोगों ने बैंक मैनेजर पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया।
भाकियू तोमर गुट के लोगों ने पिछले माह बैंक परिसर में प्रदर्शन कर बैंक मैनेजर कुलदीप सिंह पर मुद्रा व भैंस पालन लोन के लिए सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया था। आरोप लगाया था कि गांव रंडावली निवासी ग्रामीण रुगन सिंह सीसी कार्ड बनवाने के लिए कई माह से बैंक के चक्कर काट रहा है, मगर उसका कार्ड नहीं बनाया जा रहा है। इसकी शिकायत बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों से की गई थी। बुधवार को मुजफ्फरनगर कार्यालय से मुख्य प्रबंधक क्षेत्रीय व्यवसाय एमए बेग व विक्की तोमर बैंक पहुंचे। बैंक मैनेजर द्वारा किए गए लोगों के लोन की जांच की। इस पर एक लाख के किए गए लोन में कमी पाए जाने पर उन्होंने मैनेजर को कार्रवाई की चेतावनी दी। मैनेजर का अगले माह रिटायरमेंट है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जांच में पूरी तरह दोषी पाए गए तो तुम्हारी पेंशन के कागजात रुकवा दिए जाएंगे। इस दौरान भाकियू तोमर गुट के मनीष कुमार, दिलशाद, रागिब, शमशाद, पंकज पंवार, नीरज चौहान, अफसर अली, सोनू खान, डॉक्टर कंवरपाल आदि भी बैंक पहुंच गए। बैंक मैनेजर पर बेवजह परेशान करने व सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। एमए बेग ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जिसकी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।